बसपा नेताओं की ओर से भाजपा नेता दयाशंकर सिंह की पत्नी, मां, बेटी और बहन पर की गई टिप्पणी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बसपा नेताओं के आपत्तिजनक बयान से नाराज अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर बसपा सुप्रीमो मायावती का पुतला फूंका। महासभा ने रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया। इस दौरान बसपा नेताओं की आपत्तिजनक बयानों की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की।
महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रमाकांत सिंह ने कहा कि चार बार मुख्यमंत्री जैसे पद पर रहने वाली बसपा सुप्रीमो ने सदन और राष्ट्र के गुमराह करने का कार्य किया है। मंडल अध्यक्ष हरगोविंद सिंह ने सामाजिक समरसता से खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्वों पर कार्रवाई करने के साथ ही दयाशंकर के परिवार को हर स्तर से सुरक्षा देने की सरकार से मांग की। मौके पर संरक्षक अभिराम सिंह, रामप्रवेश सिंह, ध्रुव सिंह, अशोक कुमार सिंह, मनोज सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, बृजेंद्र सिंह, प्रभात सिंह, बलवंत सिंह मौजूद थे। अध्यक्षता दिनेश सिंह, संचालन उमेश सिंह ने किया।
बसपा के खिलाफ सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षत्रिय महासभा की ओर से कलेक्ट्रेट के पास पुतला फूंकते समय एक युवक आग का गोला बनने से बच गया। सड़क पर रखे पुतले पर पेट्रोल गिराया गया था। पेट्रोल बह कर सड़क पर फैल गया और उसी दौरान किसी ने माचिस की तीली जला दी। इस दौरान आग से घिरा एक युवक ने किसी तरह भाग कर जान बचाई।