श्रीकृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय लालगंज में बुधवार को छात्र संघ चुनाव में कृष्णा यादव अध्यक्ष और अजय यादव मंत्री पद पर विजयी घोषित किए गए। छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को सुबह 930 बजे वोटिंग शुरू हुई। दोपहर दो बजे तक 1507 छात्र-छात्राओं में से 797 ने मतदान किया।
मतदान के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक महाविद्यालय गेट के बाहर जमा रहे। शाम तीन बजे से शुरू मतगणना शाम पांच बजे तक चली। जांच के दौरान 52 मत निरस्त कर दिए गए। मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने की। अध्यक्ष पद पर कृष्णा यादव ने 454 मत पाकर जीत दर्ज की।
उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आकाश कुमार सोनकर को 326 मत मिले। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर 307 मत पाकर राकेश कुमार विजेता रहे। जबकि कुमारी अर्चना 262 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहीं। महामंत्री पद पर 454 मत पाकर अजय यादव विजेता घोषित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल सोनकर को 330 मत मिले।
इसी क्रम में संकाय प्रतिनिधि के पद पर मंदीप निर्विरोध विजेता घोषित किए गए। परिणामों की घोषणा के बाद चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। प्राचार्य डा. शीला मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में प्रमाणपत्र वितरित किया गया।
इस मौके पर सहायक चुनाव अधिकारी आशीष कुमार सिंह, पर्यवेक्षक डा. भीम सिंह, डा. विवेक सिंह, डा. रागिनी सिंह, अखिलेश सिंह, सत्यभूषण यादव, अशोक कुमार सिंह, संतोष यादव, राजनाथ सिंह आदि उपस्थित रहे।