सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नुरूद्दीनपुर गांव में एक व्यक्ति के घर बधाई गाने पहुंचे पावरिया व किन्नरों के बीच सीमा को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने फर्जी किन्नर बन बधाई गाने पहुंचे लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल निवासी किरन किन्नर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ लोग किन्नर न होने के बाद भी किन्नर बन कर बधाईयां गा रहे हैं और वसूली कर रहे हैं। ऐसे ही लोग बुधवार को दिन में नुरूद्दीनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर लड़का होने की सूचना पर पहुंचे और बधाई गा कर वसूली करने लगे। जिसकी जानकारी होने पर जब हम पहुंचे तो उक्त लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी के बीच हाथापाई तक हो गई। किरन किन्नर के साथ पहुंची टीम ने मौके से कुरशैद, अनिल, अकबर को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। किरन का आरोप है कि ये लोग पावरिया हैं। इसके बाद भी किन्नर बन कर उनके सीमा क्षेत्र में बधाई गा कर वसूली करते है। पुलिस ने किन्नरों द्वारा पकड़े गए लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया है।