अतरौलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मिश्रौलिया धर्मकांटा के पास शनिवार को दिन में पिकअप की चपेट में आकर साइकिल सवार भट्ठा मजदूर की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतरौलिया के केशवपुर निवासी पिक्कू लाल (55) ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। रोज की भांति शनिवार को भी वह साइकिल से मजदूरी करने भट्ठे पर जा रहा था। अभी वह मुबारकपुर मिश्रौलिया गांव स्थित धर्मकांटे के पास ही पहुंचा था कि पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पिक्कू की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक के पुत्र रमेश चंद्र ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।