आजमगढ़। दो दिनों पूर्व स्थानीय थाना क्षेत्र से बोलेरों सवार द्वारा अपहृत युवती शनिवार की सुबह सिधारी चौराहे के पास एक दुकान के सामने बदहवाश हाल में मिली। स्थानीय लोगों ने उसे पड़ा दखा तो पूछताछ किया। उसने जब दो दिनों पूर्व अपहृत किए जाने की बात बतायी तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को थाने लेकर ची आई। जहां युवती से पूछताछ की जा रही है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपनी छोटी बहन के साथ दो दिनो पूर्व मोबाइल बनवाने के लिए घर से निकली थी। मोबाइल बनवाने के बाद दोनों बहन पैदल ही घर जा रही थी। इसी दौरान सपनहर गांव के पास बोलेरो सवार तीन बदमाशों ने दोनों बहनों को अपहृत कर लिया। कुछ ही दूरी पर छोटी बहन चिल्लाने लगी तो उसे बदमाशों ने 100 रुपये देकर उतार दिया और बड़ी को लेकर फरार हो गए। छोटी बहन घर पहुंच कर आपबीती बतायी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तत्काल हरकत में आई लेकिन तब तक अहपरणकर्ता युवती को लेकर काफी दूर निकल चुके थे। पुलिस ने उस मोबाइल शॉप संचालक सेभी पूछताछ किया, जहां दोनों बहने मोबाइल बनवाने के लिए गई हुई थी। शनिवार की सुबह युवती बदहवाश हाल में सिधारी चौराहे पर स्थित एक दुकान के सामने पड़ी चौकी पर पड़ी मिली। स्थानीय लोग उसके पास पहुंच कर पूछताछ किया तो उसने दो दिनों पूर्व अपहृत होने की बात बतायी और भोर में अपहरणकर्ताओं द्वारा यहां छोड़े जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सिधारी थाने को सूचना दी। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने गई। जहां एसओ मेंहनगर भी पहुंच गए। युवती से अपहरणकर्ताओं के बारे में पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास हो रहा है कि इन दो दिनों में उसके साथ क्या-क्या हुआ है और कैसे वह सिधारी चौराहे पर पहुंची। वहीं पुलिस अभी सिर्फ बरामदगी की बात को स्वीकार कर रही है।