लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र में नाबालिग को अपहृत कर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बच्ची को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा जा रहा है।
रौनापार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 15 वर्षीया किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। शनिवार की सुबह 10 बजे वह स्कूल जाने के लिए निकली। रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा कर ले गए। लगभग चार घंटे के बाद दोनों युवक बच्ची को स्कूल के पास ही छोड़ कर फरार हो गए और किसी से कुछ बताने पर जान मारने की धमकी दी। बच्ची किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद बच्ची के पिता उसे लेकर महुला चौकी गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। रविवार की सुबह पिता बच्ची के साथ रौनापार थाने पर पहुंचे और गांव के ही दो युवकों छोटू मौर्या व बिल्लू नाऊ के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। इसके साथ ही बच्ची को मेडिकल मुआयने के लिए भेजा जा रहा है।