क्रूर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के लड़ाकों में से 17 आतंकियों के भारतीय होने की पुष्टि के बाद पूरे देश में खुफिया एलर्ट जारी किया गया है। इन आतंकियों के मारे गए साथियों में से छह के भारतीय और उसमें से एक के आजमगढ़ के होने के चलते प्रदेश में काम कर रही खुफिया एजेंसियां जिले में अतिरिक्त तौर पर अलर्ट हैं।
उच्चपदस्थ खुफिया सूत्रों के अनुसार सीरिया में मारे गए संजरपुर निवासी बड़ा साजिद के नजदीकी करीब आधा दर्जन संदिग्ध लोगों पर पैनी खुफिया नजर रखी जा रही है। आईएस के आतंकी और सरायमीर थाने के संजरपुर गांव निवासी बड़ा साजिद की सीरिया में मारे जाने की सूचना के बाद खुफिया एजेंसियों की निगाहें फरार अन्य आरोपियों के अलावा उनके करीबी आधा दर्जन संदिग्ध लोगों पर गड़ गई हैं।
ये ऐसे लोग हैं, जिनका हाल में कई बार विदेश आना-जाना हुआ है। इनके गलत लोगों से संपर्क होने का भी पता चला है। इन में से कुछ दाऊद और सलेम के संपर्क में भी रह चुके हैं। दिल्ली बाटला हाउस एनकाउंटर के बाद देश के विभिन्न शहरों में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट की घटनाओं में आजमगढ़ के युवकों की संलिप्तता सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियों ने पूरा फोकस आतंकियों के कनेक्शन ढूंढने में लगा दिया। साथ ही इन पर दस-दस लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया।
पहचाने गए ये सभी युवक तभी से फरार हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि कई लड़के नेपाल, पाकिस्तान होते हुए इराक चले गए।