एसडीएम फूलपुर नरेंद्र गंगवार की अध्यक्षता में रविवार को देर शाम कोतवाली परिसर में बकरीद और कांवड़ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें त्योहार को मिलजुल कर मनाने पर बल दिया गया। खास तौर को पुलिस से सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया। एसडीएम ने ईओ को नगर में मस्जिदों के आसपास साफ सफाई के साथ सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और निर्धारित स्थलों पर कूडा ट्राली संग बड़े डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। कुर्बानी देने वाले पशुओं के अवशेष गड्ढे में डालने को कहा। एसपी ग्रामीण अरूण कुमार दीक्षित ने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाए। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों पर कार्रवाई करें। कोतवाल अनिल सिंह ने कहा कि बकरीद त्योहार के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण कर लिया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में गिट्टी आदि कदापि न रखें। एसडीएम ने जर्जर मार्गो की मरम्मत का आश्वासन दिया। मेंहनगर : थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सीओ लालगंज मनोज कुमार रघुबंशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सीओ ने कहा कि कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी, नई परंपरा के नाम पर मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुर्बानी अवशेष को चिह्नित स्थानों पर ही रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी कदापि न हो, ऐसा करने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सुभाष जायसवाल, प्रधान गुफरान, सभासद कफील खां, माजिद खां, शमसुल हुदा, इरफान, प्रधान रामसरन वर्मा आदि उपस्थित रहे।