सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पनशब्दा गांव में रविवार को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम सुरक्षित भूमि, घूर, गड्ढा व पोखरी पर हुए अवैध कब्जे के निरीक्षण को पहुंची थी। टीम के गांव में पहुंचते ही अवैध कब्जा करने वाले भड़क उठे और कानूनगों के बाइक की चाभी छीन लिया। इतना ही नहीं लेखपाल के पास मौजूद जरूरी कागजात आदि भी फाड़ डाले। कानूनगों प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में लेखपालों की तीन सदस्यीय टीम जांच को पहुंची थी।
जीयनपुर कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस पर गांव में हुए अवैध कब्जों की शिकायत हुई थी। जिस पर एसडीएम ने जांच के लिए कानूनगो प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित किया था। टीम जब गांव में पहुंची तो गांव के संदीप व अमरेश पुत्रगण शेषनाथ व शेषनाथ पुत्र राम सिंगार सिंह राजस्व टीम के साथ भिड़ गए। कानूनगों के बाइक की चाभी छीन लिया तो लेखपाल के पास मौजूद कागजात आदि फाड़ दिए। टीम ने इसकी सूचना तत्काल एसडीएम सगड़ी व प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ कर थाने ले आई और साथ में उसकी बुलेट भी उठा लाई। इतना ही नहीं राजस्व टीम की तहरीर पर संदीप, अमरेश व शेषनाथ के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।