स्कूलों में कितनी सुविधाएं मिली, अब इसका आंकलन होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ऑपरेशन कायाकल्प के तहत किए गए कार्यों का थर्ड पार्टी सर्वे करवाने जा रही है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर संबंधित बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों के कामकाज का मूल्यांकन होगा। जिले में यह सर्वे नवंबर व दिसंबर के बीच होगा।
नगर सहित जिले के 2706 परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प के लिए सर्वे किया जाएगा। सर्वे के आधार पर जिले की रैंकिंग तय होगी। सर्वे के लिए प्रेरणा मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा। सर्वे के समय स्वतंत्र जिओ टैगिंग भी होगी। इसके माध्यम से विद्यालयों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी मिल सकेगी। परिषदीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का मूल्यांकन करने के लिए शिक्षा विभाग कायाकल्प सर्वे कराने जा रहा है। टीम विद्यालयों में जाकर उसकी जिओ लोकेशन फीड करेगी। इसके साथ ही विद्यालय की आधारभूत सूचनाओं और व्यवस्थाओं के बारे में एप पर जानकारी दी जाएगी। इसमें विद्यालय में शौचालय की स्थिति के साथ ही कक्षाओं और बिजली पानी की बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके लिए 31 प्रश्नों की प्रश्नावली तैयार की गई है।
महानिदेशक की ओर से थर्ड पार्टी सर्वे कराने का निर्देश जारी किया गया है। कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों का सर्वे होगा, जिससे हकीकत सामने आ सके। -समीर, बीएसए, आजमगढ़