पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर जनपद में चारों ओर दुख की लहर दौड़ गई। विभिन्न संगठनों के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी पार्टी कार्यालय में मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन कर पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्घांजलि दी।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित हुई। जिसमें पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा में डा. अशोक सिंह, डा. रमेश चंद्र शर्मा समेत अनेक लोग शामिल रहे।
भारतीय जनता पार्टी के रोडवेज स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सहजानंद की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन हुआ। जिसमें पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि उनके आकस्मिक निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। तरवां में भाजपा नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू के आवास पर शोक सभा का आयोजन किया गया।
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित हुई। जिसमें पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को पार्टी के विधायक सहित पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुबाष गौतम की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। जिसमें पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डाला गया। दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पीस पार्टी के नरौली स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डा. मुहम्मद आसिफ खान की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया। कलेक्ट्री कचहरी स्थित रिक्शा स्टैंट पर आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक अशोक यादव की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया। कुंवर सिंह उद्यान में भारत रक्षा दल द्वारा स्थानीय कुंवर सिंह उद्यान में जिलाध्यक्ष उमेश सिंह गुड्डू की अध्यक्षता में शोक सभा की गई। जिसमें पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ द्वारा संघ भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें दो मिनट का मौन रखते हुए गतात्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। अध्यक्षता दयाराम यादव और संचालन जगदंबा प्रसाद पांडेय ने किया। इसी क्रम में दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की बैठक संघ के सभागार में हुई। जिसकी अध्यक्षता अजय कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट और संचालन दिग्विजय सिंह ने किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों की बैठक संघ भवन में हुई।
पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम के निधन की खबर से हर कोई सकते में आ गया। हालांकि यह खबर जब जनपद पहुंची तो सभी विद्यालय बंद हो चुके थे। लेकिन दूसरे दिन स्कूल खोलने को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही। जबकि शासन द्वारा छुट्टी के संबंध में कोई निर्देश न मिलने के कारण जिला प्रशासन ने कोई निर्देश जारी नहीं किया। पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर केंद्र सरकार द्वारा एक हफ्ते का शोक घोषित किया गया। टीवी पर समाचार आते ही लोगों ने सोचा कल छुट्टी होगी और विद्यालय बंद रहेंगे।
लोग रोज की अपेक्षा थोड़ा आराम से बिस्तर से उठे। लेकिन जैसे ही उन्होंने अन्य बच्चों को विद्यालय जाते देखा उन्होंने भी किसी तरह से अपने बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा। वहीं जनपद स्थित बहुत से सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में शोकसभा के बाद विद्यालय को बंद कर दिया गया। बीएसए राकेश कुमार ने कहा कि सभी विद्यालय खुलेंगे, क्योंकि शासन की तरफ से छुट्टी का कोई निर्देश नहीं मिला है।