आजमगढ़। रेलवे प्रशासन ने आगामी दशहरा, दीवाली एवं छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जोधपुर-मऊ-जोधपुर के बीच साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी चलाने की घोषणा की है। यह सेवा 28 सितंबर से दो दिसंबर 2025 तक दोनों ओर से 10 फेरों के लिए उपलब्ध रहेगी।
गाड़ी संख्या 04823 जोधपुर–मऊ पूजा स्पेशल 28 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार शाम 5.30 बजे जोधपुर से रवाना होगी और दूसरे दिन रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी। इस दौरान यह ट्रेन आजमगढ़ स्टेशन पर रात 10.15 बजे पहुंचेगी और 10.17 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 04824 मऊ–जोधपुर पूजा स्पेशल 30 सितंबर से दो दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार सुबह 4.00 बजे मऊ से चलेगी और आजमगढ़ स्टेशन पर सुबह 5.05 बजे पहुंचेगी। रेलवे वाराणसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस गाड़ी में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार, शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार और एसएलआर/डी के दो कोच सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।