केराकत कोतवाली क्षेत्र के बराई गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक घर के 4 कमरों का ताला तोड़कर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। इसकी कीमत एक लाख से अधिक थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित की तहरीर पर 4 आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
गांव निवासी जयहिंद प्रताप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि प्रतिदिन की भांति रात को भोजन करके 10 बजे रात सो गए। आशंका जताई है कि चोर धोखे से घर में शाम को ही घुस गए थे। कमरे के भीतर रखी आलमारी, सूटकेस और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे गहने व नकदी चुरा ले गए।
पीड़ित ने 4 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि सभी आरोपी प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन हैं। चोरी की घटना की सूचना पर केराकत कोतवाल अवनीश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सीओ अजीत कुमार ने भी पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर जांच की। प्रभारी निरीक्षक अवनीश राय ने बताया कि चोरी के आरोप में 4 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।