आजमगढ़। एंटी करप्शन टीम द्वारा पांच हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार जेई पर विभागीय कार्रवाई कर दी गई है। बिजली विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है। फिलहाल वह जेल में है और रिहा होने के बाद उसके खिलाफ जांच व संबद्धता आदि की कार्रवाई की जायेगी।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुवारी नरायनपुर गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बतौर जेई छोटेलाल निवासी ग्राम मझगावा कला थाना जलालपुर जिला जौनपुर तैनात था। बीते शुक्रवार को नया कनेक्शन देने के नाम पर पांच हजार रुपये घूस लेते हुए उसे एंटी करप्शन टीम गोरखपुर ने रंगेहाथ पकड़ लिया। जांच पड़ताल में यह भी ज्ञात हुआ कि जेई ने 15 हजार रुपय घूस लेकर जगपत प्रजापति का 1.58 लाख रुपये के बिल को कम कर 24 हजार रुपये तक कर दिया था। जगपत ने दो बार में कर के 24 हजार रुपये के बिल को जमा कर दिया। इसके बाद पुन: जेई से मिल कर कनेक्शन जोड़ने की बात कहा। इस पर जेई ने पुन: उससे पांच हजार रुपये घूस मांगा। इस पर जगपत सामाजिक संगठन प्रयास से संपर्क किया। प्रयास के सहयोग से 23 जुलाई को गोरखपुर से आई एंटी करप्शन की टीम ने जेई को रंगेहाथों पकड़ लिया। वर्तमान में जेई जेल में है वहीं बिजली विभाग ने भी घूस लेने वाले जेई को निलंबित कर दिया है। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि जेई के रिहा होने के बाद जांच व जेई के संबद्धता आदि की कार्रवाई की जायेगी।