बरदह थाना क्षेत्र के मुड़हर मोड़ पर गुरुवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार सहायक जेई की मौके पर ही मौत हो गई। वह घर से ठेकमा ब्लाक पर ड्यूटी करने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर ब्लाक के तमाम कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के मद्देपुर अनेकपुर गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह (59) तीन भाइयों में बड़े थे। वह ठेकमा ब्लाक पर सहायक जेई के पद पर तैनात थे। सुरेंद्र ड्यूटी करने के लिए प्रतिदिन अपने घर से आते थे। नित्य की भांति गुरुवार की सुबह सुरेंद्र प्रताप बाइक से ठेकमा ब्लाक जा रहे थे।
जैसे ही मुड़हर मोड़ पर पहुंचे कि पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से सुरेंद्र प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल और ब्लाक मुख्यालय और अस्पताल आसपास होने की वजह से मौके पर भारी संख्या में ब्लाक के कर्मचारी और अधिकारी पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए एसपी सिटी शकील अहमद खां ने मौके पर बरदह पुलिस के सहयोग में देवगांव, रानी की सराय और मेहनाजपुर थाने की फोर्स मौके पर भेज दिया। सुरेंद्र प्रताप के छोटे भाई राजेंद्र प्रताप सिंह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सुरेंद्र प्रताप सिंह एक बेटा और एक बेटी के पिता थे।