आजमगढ़/मुबारकपुर। एक पखवारे के बाद भी मुबारकपुर में फैले पीलिया पर नियंत्रण नहीं हुआ है। बुधवार को भले ही नये मरीज मात्र चार की संख्या में मिले लेकिन पीलिया का नये क्षेत्र में फैलाव नजर आया है।
छह माह के अंदर मुबारकपुर कस्बे में दूसरी बार पीलिया ने दस्तक दी है। पीलिया का दूसरी बार दस्तक देना ही यह साबित करता है कि यहां नपा प्रशासन पूरी तरह से लापरवाह है। पहली बार फैली पीलिया से 10 लोगों की मौत के बाद भी नपा ने अपनी जिम्मेदरियों को ठीक ढंग से निभाना नहीं शुरू किया। साफ-सफाई के साथ ही पेयजल सप्लाई व्यवस्था अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी है। यहीं कारण है कि दूसरी बार फैली पीलिया को भी एक पखवारे से अधिक का समय हो गया है और आज भी नये मरीज मिल रहे है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि पीलिया का नये क्षेत्रों में फैलाव भी लगातार देखने को मिल रहा है। अलीनगर मुहल्ले से इस बार पीलिया की शुरूआत हुई थी और धीरे-धीरे कर पीलिया ने इस बार भी आधा दर्जन मुहल्लों में अपनी दस्तक दे दी है। सीएचसी पर बुधवार को 15 लोगों की जांच हुई, जिसमें चार नये मरीज चिन्हित हुए। जिसमें सिकठी शाहमुहम्मदपुर निवासी 20 वर्षीय नईम पुत्र सरफ़राज व 25 वर्षीय नूर मुहम्मद पुत्र दीन मुहम्मद का इलाज सीएचसी पर चल रहा है। वहीं दो अन्य मरीजों को दवा आदि देकर अस्पताल प्रशासन ने घर भेज दिया और आराम करने की सलाह दिया।
स्वास्थ्य विभाग के भरोसे हो रहा दवाओं का छिड़काव
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद का बजट करोड़ों का है। पीलिया के चलते विभिन्न मदों में नपा प्रशासन को बचाव व राहत कार्य के लिए धनराशि मिल रही है। इसके बाद भी छिड़काव आदि के लिए जरूरी दवाएं आदि के लिए नपा प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के भरोसे है। सीएचसी द्वारा नपा प्रशासन को पीलिया फैलने के बाद से कई बार छिड़काव के लिए जरूरी दवाएं उपलब्ध करा चुका है। सीएचसी प्रभारी डॉ. सी यादव ने बताया कि बुधवार को 25 किग्रा मैलाथियान, 50 किग्रा ब्लीचिंग पाउंडर, टैमीफॉस 10 लीटर व बैसिलस 5 लीटर नपा को उपलब्ध कराते हुए छिड़काव का निर्देश दिया गया है।
हाईपर क्लोरीफिकेशन का निर्देश
मुबारकपुर। कस्बे में एक पखवारे बाद भी पीलिया पर नियंत्रण न होने पर स्वास्थ्य महकमा काफी चिंतित है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने ईओ नगर पालिका को प्रेषित पत्र में निर्देश दिया है कि कस्बे में हाईपर क्लोरीफिकेशन कराया जाये। उन्होंने कहा कि पीलिया प्रभावित क्षेत्रों के अलाव अन्य क्षेत्रों में भी हाईपर क्लोरीफिकेशन की कवायद लगातार करायी जाये। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहे जब तक कि पीलिया पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं हो जाता है।
सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त हुए ईओ
मुबारकपुर। कस्बे में फैली पीलिया के चलते किरकिरी झेल रहा नपा प्रशासन अब सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त हो गया है। ईओ राजपति अविचल ने बुधवार को फरमान जारी कर लापरवाह सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करने की बात कही है। बुधवार की भोर में उन्होंने स्वयं विभिन्न वार्डो का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का हाल जाना। इस दौरान लेटलतीफ आने वाले सफाई कर्मियों को उन्होंने कड़ी चेतावनी भी दिया।