बलरामपुर। जिला अस्पताल के गेट पर शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे विवाहिता का शव रखकर मायके वालों ने जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि ससुरालीजनों ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी है। आरोप लगाया कि हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे पर टांग दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पुन: शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मऊ जिले के कोपागंज थानांतर्गत चंदनपुर निवासी विक्रांत जायसवाल ने अपनी बहन ट्विंकल जायसवाल (22) की शादी बीते 22 जनवरी 2024 को अतरौलिया कस्बा निवासी आकाश जायसवाल के साथ की थी। शादी के बाद से ही ट्विंकल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। भाई के अनुसार चार पहिया की मांग की जा रही थी। शादी के बाद उसकी बहन परीक्षा देने के लिए मायके गई थी। चार मई को परीक्षा समाप्त होने पर पांच मई को आकाश अपने चार दोस्तों के साथ ट्विंकल की विदाई कराने आया था। इस दौरान वह नशे में पूरी तरह से धुत था। ससुराल में भी उसने दहेज को लेकर काफी हंगामा किया था और फिर विदा करा कर ले गए। बृहस्पतिवार की शाम सूचना मिली कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंचने पर ऐसा कुछ हुआ नजर नहीं आया बल्कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फंदे पर टांग दिया गया था। भाई का कहना था कि बहन के कमरे की छत आठ फीट ऊंची है। जिसमें दो फूट ऊंचे बेड है और एक फुट की पंखे की पाइप है। बहन भी पांच फीट की थी। फिर कैसे उसने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय थाने पर भी तहरीर दी गई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाऊस पर मोर्चरी से शव निकलते ही परिजन उसे लेकर अस्पताल के गेट पर पहुंच गए और सड़क पर शव रख कर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझा कर किसी तरह शव को पुन: कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।