आजमगढ़। महाशिवरात्रि पर्व पर बृहस्पतिवार को भोर से ही शहर के भंवरनाथ स्थित बाबा भवरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। इस दौरान भगवान शिव के दर्शन के लिए लाइन में लगे लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
महाशिवरात्रि पर्व पर भोर से ही शिवमंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन को श्रद्धालुओं को तांता लगा रहा। नगर की सीमा पर स्थित भंवरनाथ मंदिर पर सुबह चार बजे से ही व्रती महिलाओं का रेला उमड़ा। भगवान शिव के दर्शन को मंदिर के बाहर तक लंबी लाइन लगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के शंकर तिराहा मातवरगंज स्थित शिवमंदिर पर भगवान शिव को फूलों से सजाया गया था। यहां भी सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इसी क्रम में नगर के मातबरगंज स्थित शंकरजी तिराहा, कोलघाट रमायन मार्केट, सिधारी स्थित इच्छा पूर्ति गौरी शंकर मंदिर और अन्य शिवालयों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का जलाभिषेक करने का जमावड़ा लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर को भांग, धतूरा, बेर, बेल की पत्ती आदि चढ़ाकर पूजन अर्चन किया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान घंटा-घड़ियाल की गूंज से पूरा माहौल ही शिवमय हो गया था।
आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर रूट परिवर्तित
मंदिरों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना नजर आया। महिला पुलिस के साथ ही पुरुष पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। वहीं आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग के रूट को परिवर्तित कर दिया गया था। भंवरनाथ मंदिर के आसपास मेला क्षेत्र में चार पहिया व दो पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया था। मंदिर परिसर में भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी।
पूजन के बाद भक्तिगीतों का भी उठाया आनंद
आजमगढ़। महाशिवरात्रि पर हर वर्ष की भांति राजेश रंजन की ओर से भजन कीर्तन का आयोजन किया गया था। जिसमें जनपद के जाने माने कलाकारों ने अपने भक्तिगीतों से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। लोगों ने दर्शन पूजन के बाद भक्ति गीतों का आनंद लिया।
भंडारे का भी उठाया लुत्फ
आजमगढ़। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर के पिछले हिस्से में भंडारे का आयोजन किया गया था। पूजन के बाद काफी संख्या में श्रद्घालुभंडारे में पहुंच रहे थे। उनके द्वारा भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया गया।