मृतक अंकित चौरसिया की फाइल फोटो। संवाद
थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा गांव में रविवार की सुबह घर के बाहर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से अंकित चौरसिया (25) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अंकित आईटीआई का छात्र था।
दरियापुर नेवादा गांव निवासी अंकित चौरसिया (25) पुत्र राजेश रविवार सुबह नींद से उठने के बाद शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इस बीच घर के बाहर पहले से टूटा हुआ बिजली का तार जमीन पर पड़ा था। अनजाने में उनका पैर तार पर पड़ गया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंकित आईटीआई जौनपुर के छात्र थे और इटैली बाजार में फल की दुकान भी चलाते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अंगद चौरसिया जौनपुर में अधिवक्ता हैं। बेटे की असामयिक मौत से मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।