जिले में आंधी और बारिश का कहर दूसरे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार की भोर में तीन बजे आई आंधी के कारण 22 बिजली उपकेंद्रों की मेन लाइन में फाल्ट आ गया। इससे 400 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। बारिश बंद होने के बाद बिजलीकर्मियों ने फाल्ट ठीक करके कहीं 10 तो कहीं 12 घंटे बाद आपूर्ति बहाल कराया। हालांकि, 11 केवी और लोकल लाइनों पर देर शाम तक काम चलता रहा। अतरौलिया, मेंहनगर, सगड़ी, लाटघाट, बिलरियागंज, निजामाबाद, बरदह आदि क्षेत्रों में बिजली के तारों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर गईं। अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि 33 केवी मेन लाइन की फाल्ट दूर करके सभी बिजली घरों को नॉर्मल कर दिया गया है। जिन क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। वहां शुक्रवार तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी। पवई क्षेत्र में रामपुर कला बासूपुर स्थित श्रीनर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्रीशिव महापुराण कथा के लिए लगाया गया टेंट आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। जहानागंज में बारिश के कारण जहानागंज के ब्लॉक मोड़, श्रीराम मोड़, आजमगढ़-गाजीपुर राज्यमार्ग पर जलभराव हो गया।
आंधी में उड़ गई जल निगम की टंकी बरदह। ठेकमा ब्लॉक की शंकरपूर कनोना में जलजीवन मिशन की निर्मित जिंकएलम की पानी टंकी का ऊपरी हिस्सा आंधी में क्षतिग्रस्त हो गया। टंकी उड़कर दूर जा गिरी। एक्सईएन राजेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक महीने से काम बंद था, टंकी पर लॉक नहीं लगाया गया था। संवाद
आजमगढ़-मऊ रेलवे अंडरपास में भरा पानी
सरायमीर थाने में डेढ़ फीट तक जलभराव
रानी की सराय, बेलइसा से शंकरपुर चेकपोस्ट तक जलभराव
बैंक में कामकाज ठप, उपभोक्ता परेशान बूढ़नपुर। आंधी-पानी के कारण बिजली बाधित होने से यूपी बड़ौदा बैंक की शाखा गोपालगंज में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। बैंक में लेन-देन सहित अन्य सेवाएं ठप होने से उपभोक्ता परेशान हुए। उपभोक्ता संतोष चौबे ने बताया कि उन्हें अपने बेटे की पढ़ाई के लिए खाते में रुपये भेजने थे। बैंक पहुंचने पर पता चला कि बिजली नहीं होने से काम बंद है। कुछ यही कहानी यदुनाथ उर्फ मटरू की भी रही। संवाद