जनपदों के सर्वांगीण विकास एवं क्षेत्रवासियों के आर्थिक, शैक्षिक उत्थान के लिए पूर्वांचल विकास बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह ने पूर्वांचल के विकास के लिए सुझावों के अनुरूप कार्य की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बोर्ड के सदस्यों द्वारा पूर्वांचल के सभी जनपदाें का भ्रमण कर क्षेत्रीय आवश्यकताओं एवं लोगों के समक्ष आ रही समस्याओं का आंकलन करने के बाद बैठक में जो सुझाव दिये गये हैं, उसके अनुसार कार्य होना आवश्यक है। उन्होंने जनपद आज़मगढ़ की कुछ सड़कों को फोरलेन किये जाने एवं कुछ के चौड़ीकरण का सुझाव दिया। इसके अलावा विद्युत सुधार, स्कूल स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, उद्योग स्थापना सहित कई अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा की।
मंडलायुक्त मनीष चौहान ने कहा कि पूर्वांचल के जनपदों में विकास की अपार संभावनाएं हैं। 2018 में पूर्वांचल विकास बोर्ड का गठन हुआ है। इसके बाद मंडल के जनपदों के विकास में तेजी आई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बन जाने से आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, अम्बेडकरनगर को खासा लाभ मिला है। आज़मगढ़ में विश्वविद्यालय एवं अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना हुई है। जिससे जनपद में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा। जल्द ही एयरपोर्ट की सुविधा भी मिल जाएगी।
जनपद बलिया में भी विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी है। मेडिकल कालेज और 100 बेड हास्पिटल की स्थापना से स्वास्थ्य व्यवस्था भी ठीक हुई है। लुम्बिनी-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग, वाराणसी-मऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, आज़मगढ़-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से तथा हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय की स्थापना से होने वाले लाभ के बारे में बताया।
विशेष सचिव, नियोजन, उप्र शासन आशुतोष निरंजन ने कहा कि बोर्ड की आयोजित बैठकों में पूर्वांचल के सभी आठ मंडल के जनपदों से कुल 724 विषय निकल कर आये हैं जो 48 विभागों से संबंधित हैं। इनके माध्यम से कार्य कराये जाने के लिए एक-एक नोडल अधिकारी नामित किये गये हैं।
विशेष सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वीरेन्द्र सचान ने बताया कि चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए शासन स्तर से प्रयास किये जा रहे है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कहा कि जिले में चार गोआश्रय स्थल एवं 79 अस्थायी गो संरक्षण केन्द्र स्थापित हैं, जिसमें कुल 8885 गोवंश रखे गए हैं। इनके हरे चारे के लिए चारागाह की भूमियों को कब्जामुक्त कराकर उसमें चारे की बोआई कराई जा रही है।
इस मौके पर बोर्ड के सदस्य जयप्रकाश निषाद, अरविन्द पटेल, परदेशी रविदास, विजय शंकर यादव, ओपी गोयल, अशोक चौधरी, जितेन्द्र पाण्डे, विजय विक्रम सिंह, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता आदि उपस्थित थे।