पल्हनी। 15 व 16 अक्तूबर होने वाली यूपी पीईटी को लेकर बुधवार को नेहरू हाल में जिलाधिकारी ने बैठक की। इसमें जिलाधिकारी ने परीक्षा को नकल विहीन कराने को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों व अन्य जिम्मेदारों को आवश्यक सुझाव दिये। कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र में एंड्रायड मोबाइल व अन्य कोई डिवाइस लेकर परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सभी को तत्पर रहना होगा। परीक्षा में मंडल के बाहर के परीक्षार्थी भी आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस विभाग व रोडवेज कर्मचारियों की जिम्मेदारी ज्यादा होगी। सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाये।
एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर केंद्र व्यवस्थापक, संबंधित मजिस्ट्रेट व कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक व दूसरी पाली की तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले ही गेट बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बैठक में डीआईओएस उमेश त्रिपाठी, बीएसए अशोक कुमार सिंह, डॉ. रणधीर सिंह, डॉ. अजीत सिंह समेत सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सीओ व ट्रेजरी अधिकारी आदि मौजूद रहे।