विकास बिलरियागंज के गद्दनपुर हिच्छनपट्टी व रानी की सराय के बेलहथा गांव के कोटेदारों द्वारा खाद्यान्न वितरण में घालमेल करना भारी पड़ गया। शिकायत पर हुई जांच में अनियमितता सामने आई है। जिलाधिकारी के अनुमोदन पर दोनों कोटेदारों के खिलाफ पूर्ति निरीक्षकों द्वारा संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बिलरियागंज के गद्दनपुर हिच्छनपट्टी गांव के उचित दर विक्रेता जगदीश जैशवार के खिलाफ अनियमितता की शिकायत मिली थी। पूर्ति निरीक्षक राम प्रवेश ने 19 जनवरी को शिकायत की जांच की गई। इसमें 31 बोरी (16.05 क्विंटल) गेहूं व 04 बोरी (दो क्विंटल) चावल कम पाया गया और कुछ कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न वितरण किया जाना पाया गया। इसे देखते हुए जिलाधिकारी आजमगढ़ के अनुमोदन के बाद 20 जनवरी को कंधरापुर थाने में पूर्ति निरीक्षक राम प्रवेश द्वारा कोटेदार जगदीश जैशवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं विकास खंड रानी की सराय के बेलहथा गांव के उचित दर विक्रेता संजय कुमार द्वारा किए गए वितरण की जांच रानी की सराय के पूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप ने की। उन्होंने जांच में गेहूं 3.62 क्विंटल, चावल 3.42 क्विंटल कम पाया गया। इसके साथ ही कुछ कार्डधारकों में निर्धारित मात्रा से कम मात्रा में खाद्यान्न वितरण किया जाना पाया गया। डीएम के अनुमोदन के बाद 20 जनवरी को थाना सिधारी में पूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप ने कोटेदार संजय कुमार के खिलाफ सिधारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।