जिले में शत-प्रतिशत रहा आईसीएसई का रिजल्ट
आईसीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं का रिजल्ट शुक्रवार को घोषित हो गया। घोषित परीक्षा परिणामों में 12वीं विज्ञान वर्ग में ज्योति निकेतन स्कूल के इंजमाम अली बेग ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप किया। 12वीं वाणिज्य वर्ग में ज्योति निकेतन स्कूल की साक्षी जालान ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। वहीं, 10वीं की परीक्षा में ज्योति निकेतन के सिद्धार्थ सिंह ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया।
ज्योति निकेतन स्कूल ने सभी वर्गों में बाजी मारी। अगर जनपद के टाप फाइव की स्थिति पर गौर करें तो इंटर विज्ञान वर्ग में ज्योति निकेतन स्कूल के इंजमाम अली बेग ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर 96 प्रतिशत अंकों के साथ चिल्ड्रेन के आलोक रंजन तिवारी और ज्योति की श्रेया यादव रहीं। तृतीय स्थान पर 94 प्रतिशत अंकों के साथ चिल्ड्रेन के कुंवर शशांक सिंह रहे। चतुर्थ स्थान पर 94 प्रतिशत अंकों के साथ चिल्ड्रेन कालेज के प्रखर तिवारी और तान्या बरनवाल रहीं। पांचवां स्थान चिल्ड्रेन कालेज की ज्योति मिश्रा को मिला जिन्हें 93.75 प्रतिशत अंक हासिल हुए।
वहीं हाईस्कूल की परीक्षा में ज्योति निकेतन स्कूल के सिद्घार्थ सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर ज्योति निकेतन की ही शांभवी सिंह को 96.8 प्रतिशत अंक मिले। ज्योति की ही शिवांगी चौधरी ने 96.6 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। चौथे स्थान पर 96 प्रतिशत अंकों के साथ चिल्ड्रेन कालेज की नेहा कुशवाहा और सार्थक सिंह रहे। चिल्ड्रेन के ही मुदित कुमार यादव ने 94.40 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।