रानी की सराय। स्थानीय थाना पुलिस वाहन चेकिंग के नाम पर चल रहे अभियान का जम कर माखौल उड़ा रही है। घरों व दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को थाने उठा ले जा रही है और फिर उसका लावारिस में चालान काट दे रही है। रानी की सराय पुलिस के इस कारनामे से लोगों में जहां आक्रोश व्याप्त है तो वहीं फर्जी चालान काट कर थाने की पुलिस वाहवाही लूटने में जुटी है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ गया है। आए दिन लूट, छिनैती, चोरी की घटनाएं हो रही है लपेकिन किसी का भी खुलासा पुलिस नहीं कर पा रही है। अपराध पर लगाम लगाने में फेल पुलिस इन दिनों कस्बा समेत थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला कर वाहनों का चालान काटने में जुटी है। अब तो महकमा दुकानों के बाहर व घरों के बाहर खड़े दो पहिया वाहनों को थाने उठा ला रहा है और लावारिस दिखा कर चालान काट रहा है। दुकानों के बाहर से वाहनों को उठाए जाने के वक्त लोग अपने कागजात आदि दिखाते है, इसके बाद भी जबरन वाहन थाने उठा लाया जा रहा है और वहां कागज ले कर पहुंचने के बाद भी महकमा लावारिस दिखा कर चालान काट रहा है। महकमे की इस कवायद से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।