आजमगढ़। पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद कोरोना संक्रमण को रोकने लिए जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। गांवों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर लोगों की जांच कर रही है। हालांकि गांवों में सैनिटाइजेशन का कार्य अभी तक नहीं हो रहा है।
अहरौला प्रतिनिधि के अनुुसार कोविङ-19 स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य टीम अब गांव में जाकर कैंप लगाकर कोरोना टेस्ट कर रही है। पहले पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति या सर्दी जुकाम खांसी से परेशान लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। क्षेत्र के सूखीपुर और पुराचित्तू गांव में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कैंप लगाकर सर्दी जुकाम से पीड़ित लोगों की कोविङ जांच कराई गई। इस दौरान 52 लोगों की जांच की गई। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गुरुवार को कोविड़ -19 की जांच 130 लोगों ने कराई। जिन मुहल्लों में पाजीटिव पाए गए उन मुहल्लों में नगर पंचायत द्वारा कंटेनमेंट जोन घोषित कर सैनिटाइजेशन कल व आज दोनों दिन कराया गया हैं। सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत अजमतगढ़ में सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष पारसनाथ सोनकर ने बताया कोरोना वायरस को लेकर नगर पंचायत अजमतगढ़ के वार्ड में सैनिटाइज किया जा रहा है। साथ ही लोगों कोरोना बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया जा रहा है।मेजवां प्रतिनिधि के अनुसार कोरोना कर्फ्यू के दौरान फूलपुर नगर पंाचायत प्रशासन की ओर से फूलपुर कस्बा की सभी गलियों और मार्गो को सैनिटाइज कराया जा रहा है। इसमें सार्वजनिक स्थान पर खास तौर से सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। ईओ संपूर्णानंद तिवारी ने बताया कि छह से अधिक लोगों को इस कार्य के लिए लगाया गया है। शाम को पुरानी मिर्चा मंडी, मंगलबाजार, टेढ़वा गली, सोनकर बस्ती, हरिजन बस्ती आदि स्थानों को सैनिटाइज किया गया। सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार विशेष अभियान के दौरान मेडिकल टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, लेखपाल, आशा और कोटेदार द्वारा गांव के घर-घर घूमकर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही थर्मल स्कैनिंग और दवा वितरण किया गया। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 157 लोगों की जांच की गई जिसमें सात पाजीटिव पाए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरव मिश्रा ने बताया कि यह अभियान डोर टू डोर सघन अभियान पांच दिवसीय है टीम बना कर कार्य किया जार हा है। गोरिया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में अब डोर तो डोर सर्वे का काम भी शुरू हो चुका है। बिलरियागंज ब्लॉक के आशा,आं गनवाड़ी वर्कर और अध्यापकों की संयुक्त टीम अपने अपने सेवित गांव में सर्वे का काम कर रही है। प्रत्येक टीम में आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर शामिल हैं, जो हर घर में जाकर लोगों में कोरोना के लक्षण को पहनाने का प्रयास कर रहे हैं। लाटघाट प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम सगड़ी गौरव कुमार ने तहसील क्षेत्र के सभी गांव में आशा, आंगनबाड़ी व कोटेदार को कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की देखरेख व सूची तैयार करने को कहा और लेखपाल को निगरानी में लगाया है। बताया कि 72000 लोगों के जांच कराई जा चुकी है। सूचना मिलने पर उन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया जाएगा और घर पर ही दवा की किट पहुंचाई जाएगी। फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार आस पास के गावों में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जांच कराई जा रही है। मुड़ियार, मेजवां, फूलपुर, चितरावल आदि में संबद्ध आशा के माध्यम से यह जांच पूर्व में डीएम के आदेशानुसार 1 से 3 मई तक किया गया। वर्तमान में यही कार्य मुख्यमंत्री के आदेशानुसार कराया जा रहा है। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार कोरोना उपचार आपके द्वार अभियान के तहत ग्राम गंजोर में बुधवार को एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग टीम, आंगनबाड़ी, आशा बहू की टीम कैंप कर मात्र 18 लोगों की कोरोना जांच की।