शहर कोतवाली पुलिस की ओर से गिरफ्तार 25 हजार का इनामी आरोपी। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। ग्रहदोष दूर करने और धर्म-कर्म का झांसा देकर महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 25 हजार के इनामी उत्तराखंड के ऊधमपुर सिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र के गूलर भोज गांव निवासी आरोपी हुसैनू (45) को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को रोडवेज निजी बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने जिले में हुई दो ठगी की घटनाओं का खुलासा किया है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सात फरवरी को मऊ जिले की रहने वाली आशा ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि शंकर तिराहा (सिधारी) स्थित ग्रैंड एसआर होटल के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने ग्रहदोष और अशुभ प्रभाव का भय दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया और पूजा-पाठ के बहाने उनकी सोने की चेन, अंगूठी व दो हजार रुपये लेकर भाग गए।
मामले में पुलिस ने गिरोह के सदस्य लईक उर्फ लकी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पकड़े गए आरोपी के पास से तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 400 रुपये नकद, आभूषण साफ करने वाले केमिकल से भरी एक प्लास्टिक की शीशी और विभिन्न रंगों के 10 पत्थर बरामद किए।