शहर कोतवाली क्षेत्र के करतालपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने खाता हैककर दो लाख रुपये निकाल लिए जाने की थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सारे रुपये इंटरनेट बैंकिंग के जरिए निकाले गए हैं। मामले की जांच कोतवाल कर रहे हैं।
करतालपुर गांव निवासी राजाराम मिश्र किसान हैं। शहर के बैंक आफ इंडिया में इनका खाता है। राजाराम का आरोप है कि किसी जालसाज ने उनका खाता हैककर विभिन्न तिथियों में 1.99 लाख रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी इन्हें करीब एक सप्ताह पूर्व तब हुई, जब वह रुपये निकालने बैंक पहुंचे। खाते से इतनी बड़ी रकम निकालने की सूचना से राजाराम परेशान हो गए। उन्होंने शाखा प्रबंधक से रिपोर्ट मांगी कि आखिर रुपये किस तरह से निकाले गए हैं। बैंक की ओर से राजाराम को बताया गया कि किसी जालसाज ने इंटरनेट के जरिए उनका खाता हैक कर लिया और खाते से विभिन्न तिथियों में रुपये निकाले हैं।
राजाराम ने बताया कि उसके यहां कभी किसी ने खाता संबंधी किसी जानकारी के लिए फोन आदि भी नहीं किया। ऐसे में जालसाज को उसके खाते के विषय में कैसे जानकारी हो गई। इसका उसे खुद नहीं पता है। इस संबंध में शहर कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच वह स्वयं कर रहे हैं।