अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा की फिल्म ‘छिपकली’ का भी प्रदर्शन हुआ। सबसे बड़ी खास बात रही कि दर्शकों और प्रतिभागियों ने यह फिल्म यशपाल शर्मा के साथ देखी। ये फिल्म प्रसिद्ध लेखक विनोद घोसाल की किताब छायाजपॉन पर आधारित है। इस फिल्म में यशपाल शर्मा के किरदार की खूब सराहना हुई।
फिल्म प्रदर्शन के बाद यशपाल शर्मा एवं फिल्म के प्रोड्यूसर सैकत रे ने दर्शकों से संवाद किया। इस दौरान फ्रेंच अभिनेत्री मारियाना बोरगो, जर्मन एक्ट्रेस सुजैन, पत्रकारिता शिक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर भी मौजूद रहे।अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का संचालन प्रसिद्ध आरजे एंकर एवं फिल्म फेस्टिवल की सह निर्देशक रेखा चौधरी ने किया।
फिल्म फेस्टिवल के संयोजक अभिषेक पंडित ने बताया कि आगामी 18 से 20 मार्च तक आजमगढ़ के शारदा टॉकीज में आयोजित हो रहे चौथे आजमगढ़ फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए मास्टर क्लासेस आयोजित की जा रही है। जिसमें युवाओं को फिल्म बनाने की बारीकियां भी सिखाई जाएंगी।
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, पंचायत वेब सीरीज से घर-घर लोकप्रिय हुए अशोक पाठक उर्फ विनोद और शबाना आजमी विदेशों के कलाकार अलग-अलग सत्रों में प्रतिभागियों से रूबरू होंगे। अतिथियों का स्वागत डॉक्टर सीके त्यागी एवं तरुण राय ने किया। कार्यक्रम में ममता पंडित, हरकेश मौर्य, अखिलेश द्विवेदी, किशन सिंह, अंगद कश्यप, कंचन, शिखा एवं अरुण मौर्य आदि उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन जनपद के लोक कलाकारों ने कहरवा नृत्य की प्रस्तुति की। 15 कलाकारों की टीम में लोक कलाकारों ने लोक कला को जीवंत कर दिया। इस टीम में अरविंद, राधे, महंत, लालता, सोनू आदि शामिल रहे।