प्रदेश के दिव्यांग विद्यार्थियों को सामान्य विद्यार्थियों के साथ उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग प्रदेश में समावेशी शिक्षा का वातावरण बनाने की दिशा में अग्रसर है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालयों की स्थापना की गई है। उक्त बातें अतरौलिया ब्लाॅक के करमैनी में विद्यालय के औपचारिक निरीक्षण के दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निदेशक जयनाथ यादव ने कहा।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के पुनर्वास में समेकित समाज का निर्माण महत्वपूर्ण कदम है। इससे पूर्व समेकित विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा में सम्मिलित होकर निदेशक ने हवन-यज्ञ संपन्न करवाया। करमैनी की समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार और सहायक अध्यापक अजय कुमार मौर्य ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान अतरौलिया के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक उदय राज यादव को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग आजमगढ़ की मंडलीय उपनिदेशक मीनू सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शशांक सिंह, मऊ के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा और बलिया के दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एके गौतम सहित सैकड़ो गणमान्य लोग मौजूद रहे।