देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथीशंकरपुर गांव निवासी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाला युवक की शनिवार की सुबह घर के पास लगे हैंडपंप में करंट उतरने से झुलस गया। उसे इलाज के लिए परिजन सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कैथीशंकरपुर गांव निवासी संदीप सरोज (21) दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। इसके लिए वह वाराणसी में रहता था। इन दिनों वह घर आया हुआ था और शनिवार को ही उसे वापस वाराणसी भी जाना था। साथ ले जाने वाले सामानों को वह घर के बाहर निकाला और पड़ोसी जैनेंद्र सिंह के हैंडपंप पर हाथ-मुंह धोने के लिए पहुंच गया। हैंडपंप में मोटर लगा हुआ था। जैसे ही उसने हैंडपंप को छुआ करंट की चपेट में आ गया।
आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजदिया।