आजमगढ़। डीएम एनपी सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कंपोस्ट पिट, शोक पिट, गौशाला, जीआईएस लैब आदि के शुभारंभ, लोकार्पण आदि की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। सीडीओ ने बताया कि कुछ लोगों ने ब्लाक महराजगंज के देवारा जदीद में शौचालय न बनने की शिकायत की है। स्थलीय निरीक्षण में लाभार्थी ने बताया कि पंचायत सेक्रेटरी की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया है। अभी तक शौचालय का पैसा प्राप्त नहीं हुआ है। डीएम ने पंचायत सेक्रेटरी पूजा यादव को निलंबित करने और ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। तीन वर्ष के कार्यों की जांच कमेटी के माध्यम से कराने के लिए सीडीओ को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत अब भी 74 हजार शौचालय अपूर्ण हैं। इस पर डीएम ने बीडीओ को निर्देशित किया कि प्रधानों को मोटिवेट करें और निगरानी समिति को सक्रिय करें। अपूर्ण शौचालयों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। ब्लाकों में कंपोस्ट पिट 74,540 के सापेक्ष 15199, शोक पिट 37320 के सापेक्ष 4305 में कार्य शुरू किया गया है। अस्थायी गौशाला अतरौलिया, पल्हनी, सठियांव व तहबरपुर में भी बन रहा है। 28 फरवरी तक सभी कार्य पूर्ण कराने को कहा। कायाकल्प से पूर्व की स्थिति और बाद की स्थिति की फोटो का एल्बम बनाने के निर्देश दिए। डीडीओ रवि शंकर राय, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय, खंड विकास अधिकारी आदि रहे।