अंबारी। उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने तहसील क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) फूलपुर को एक पत्र भेजकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर पहले चलाए गए अभियान के कारण दिन के समय अवैध खनन की गतिविधियों में कमी आई थी। हालांकि, प्रशासनिक टीम की सख्ती को देखते हुए खनन माफिया अब रात के समय फिर से सक्रिय हो गए हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में भेजे गए इस पत्र के तहत अवैध खनन स्थलों की नियमित निगरानी, खनन और परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों की जांच कर उनके चालान और सीजर की कार्रवाई करने को कहा गया है। एसडीएम ने क्षेत्राधिकारी से फूलपुर, पवई और दीदारगंज थाना प्रभारियों को इस संबंध में कड़े दिशा-निर्देश जारी करने की अपेक्षा की है।