आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। एसपी के निरीक्षण, ड्यूटी चेकिंग और समीक्षा के दौरान कई पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई। जांच में पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित रहे। वहीं बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी खड़ी करने के मामले भी सामने आए। निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के समय सोते हुए मिले, जबकि कुछ मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) से संबंधित जानकारी से भी अनभिज्ञ पाए गए। इसके अलावा गो-तस्करी रोकने, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर लगाए गए पुलिसकर्मियों की कार्यशैली भी संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी चेकिंग करने के बजाय आराम करते हुए पाए गए। अधिकारियों ने इसे विभागीय छवि के प्रतिकूल और कर्तव्य के प्रति उदासीनता माना। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और 19 के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।