मेंहनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को नवजात शिशु देखभाल एवं एनआईसीयू संबंधी जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
चिकित्सकों ने नवजात शिशुओं की प्रारंभिक देखभाल, जन्म के तुरंत बाद आवश्यक स्वास्थ्य सेवा, स्तनपान के महत्व, नवजात में होने वाली सामान्य एवं गंभीर बीमारियाें, समय से पहले जन्मे बच्चों की विशेष जरूरतें तथा टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवजात की देखभाल में जरा-सी लापरवाही गंभीर स्थिति उत्पन्न कर सकती है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सेवाओं का लाभ अवश्य लें।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. देवमणि ने कहा कि इस प्रकार की जागरुकता गोष्ठियां मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में डॉ. संध्या सिंह, फार्मासिस्ट सुर्जन सिंह, रवि राय, प्रवीण बरनवाल, मोहसिन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। संवाद