होली पर घरों में बनने वाली गुझिया को लेकर लोगों द्वारा खोया और ड्राई फ्रूट की खरीद की जाती है। वर्तमान में इनके दाम आसमान छू रहे हैं। खोया जहां 400 रुपये किग्रा बिक रहा है वहीं ड्राई फ्रूट के दाम भी बढ़े हैं ऐसे में खरीदारी के लिए लोगों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।
होली के पर्व पर महिलाओं द्वारा घरों में विविध प्रकार के पकवान जैसे गुझिया, गुलाब जामुन आदि का निर्माण किया जाता है। जिसके लिए उनके द्वारा बाजार से खोया और ड्राई फ्रूट की खरीदारी की जाती है। लोगों द्वारा की जा रही खरीदारी का परिणाम है कि खोया के दाम में आग लगी हुई है। खोया विक्रेता राजेश गुप्ता ने बताया कि जनपद में गाजीपुर और वाराणसी से खोया आता है। लेकिन वर्तमान में जनपद में खोया 360 रुपये से लेकर 400 रुपये किग्रा की दर से कि रहा है। वहीं वाराणसी और गाजीपुर से आने वाला खोया हमें 350 से लेकर 370 रुपये किग्रा की दर से मिल रहा है। ऐसे में हमें क्या बचेगा। इसे देखते हुए जनपद में बाहर से आने वाला खोया किसी के पास नहीं है। हो सकता है कि कुछ लोग मंगा रहे हों लेकिन हम लोगों ने उसे मंगाना बंद कर दिया है। जितना अपने पास होता है उसी की बिक्री हम लोग कर रहे हैं। अभी तो इसके दाम लगातार बढ़ रहे हैं क्योंकि डिमांड ज्यादा है और आपूर्ति कम है। होली के दिन तक इसके दाम और बढ़ेंगे।
0000000000
मिलावट खोर भी नहीं आ रहे बाज
आजमगढ़। त्योहारी सीजन में सामानों की डिमांड काफी बढ़ जाती है। जिसके कारण मिलावट का कारोबार भी खूब फलता-फूलता है। थोड़े से फायदे के लिए कारोबारी मिलावट करने से भी बाज नहीं आते हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम त्योहारी सीजन में एक्टिव रहती है। उसके द्वारा दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाते हैं। उनकी जांच कराकर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। इसके बाद भी कारोबारी मिलावट करने से बाज नहीं आते हैं।
000000000
इस तरह से कर सकते हैं मिलावट की जांच
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि बाजार में सामान्य तरीके से जांच करने के लिए दूध को हाथ पर रखकर रगड़ने से अगर चिकनाई आए तो समझें दूध मिलावटी है। काली चिकनी टाइल पर दूध की लंबी धार डालने पर सफेदी रहे तो समझें दूध शुद्ध है। मिलावट रहने पर सफेद धार नहीं रह जाती है। मावा की जांच के लिए आम दवा की दुकान में आयोडीन टिंचर की छोटी सीसी मिलती है। मावा पर दो-तीन बूंद डालने से 25-30 सेकेंड में अगर रंग नीला पड़ जाए तो समझें मिलावटी है। शुद्ध होगा तो रंग नहीं बदलेगा। इसी तरह पनीर की जांच भी कर सकते हैं।
0000000
कार्रवाई के बाद भी बाज नहीं आते कारोबारी
आजमगढ़। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि हमारी टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जाती है। एक अप्रैल 2022 से 31 जनवरी 2023 के बीच हमारी टीम द्वारा कुल 278 जगहों पर छापामारी की गई। इस छापामारी में कुल 307 नमूने जुटाए गए। इनकी जांच में 146 नमूने अधोमानक पाए गए। जबकि 31 नमूने मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए। अब तक अधोमानक पाए जाने पर मिलावटखोरों पर 24 लाख दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अगर खरीदारी के समय थोड़ा सा ध्यान दिया जाए तो मिलावटी पदार्थों की खरीद से बचा जा सकता है।
0000000000
बोले चिकित्सक
आजमगढ़। जिले के वरिष्ठ फिजिशियन व पूर्व सीएमओ डा. एके मिश्रा ने बताया कि मिलावटी खोया, पनीर या दूध सेहत के लिए हानिकारक है। लगातार इसके सेवन से लीवर व आंत में सूजन के साथ किडनी पर भी प्रभाव पड़ता है। इससे खून का थक्का तथा गैस्ट्रो इंटेस्टाइनल सिस्टम भी प्रभावित होता है। ऐसे में मिलावटी खोया, व दूध को जांच करने के बाद ही उपयोग करें।