तरवां थाना क्षेत्र के भदावर गांव निवासी एक व्यक्ति के मकान पर रखा सीमेंट शीट तोड़कर शनिवार की रात घुसे चोर दस हजार रुपए नगदी सहित तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण, साड़ी, राशन और बर्तन चुरा ले गए। रविवार की सुबह घर के पीछे टूटा बक्सा फेंका मिला। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी ली।
भदावर गांव निवासी गुड्डू यादव के मकान की दीवारें तो पक्की हैं। लेकिन छत पर सीमेंट शीट रखी गई है। शनिवार की रात गुड्डू का परिवार घर के बाहर बरामदे में सोया था। जबकि वह अपने कमरे में सोया था। रात को चोर छत पर चढ़े और सिमेंट शीट तोड़कर भीतर घुस गए। अंदर दो बक्सों में रखे दस हजार रुपए नकद के अलावा तीन चेन, दो अंगूठी, पायल, कर्णफूल, नथुनी, 15 नई साड़ियां, दो मोबाइल, तीन बोरा गेहूं और चार बोरा चावल चुरा ले गए।
रविवार की सुबह कमरे में बिखरे सामान को देखर कर चोरी का पता चला। आसपास के लोगों को घर के पीछे टूटा हुआ दो बक्सा फेंका मिला। एसओ तरवां सुरेश चंद ने बताया कि जानकारी पर सिपाहियों को मौके पर भेजा गया था। तहरीर मिल चुकी है।
निजामाबाद नगर पंचायत निजामाबाद के नई सड़क पर स्थित छह गुमटियों का ताला तोड़कर शनिवार की रात चोर इन दुकानों से करीब 35 हजार रुपये के सामान और नगदी चुरा ले गए।
रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने थाने में तहरीर दिया। जिन गुमटियों का ताला टूटा है उसमें ज्यादातर पान और चाय विक्रेता मिठाईलाल, हंसराज, अच्छेलाल, बसंता, विवेकानंद और इकबाल की गुमटियां हैं।