पवई। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधानसभा फूलपुर में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा की दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को कृषक इंटर कॉलेज, बागबहार में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बैडमिंटन मुकाबलों में जीत और हार का रोमांच चरम पर रहा। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रथमेश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को सीधे सेटों में पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।
फाइनल में हार का सामना करने वाले खिलाड़ी को उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा, लेकिन उसके खेल की भी दर्शकों ने सराहना की। महिला वर्ग के बैडमिंटन फाइनल में आराध्या और संध्या के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। संघर्षपूर्ण खेल के बाद आराध्या ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि संध्या को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। दर्शकों ने दोनों खिलाड़ियों के खेल की जमकर प्रशंसा की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को कृषक इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुभाष चंद्र यादव और प्रधानाचार्य चंद्रजीत यादव की ओर से प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।