कलेक्ट्रेट क्षेत्र में हो रही बारिश के बीच आते जाते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कई दिनों से जारी बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। मंगलवार की सुबह से ही रुक रुक कर बारिश होती रही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाले रखा लेकिन दोपहर बाद धूप निकल आई। धूप निकलते ही गर्मी और उमस से लोग बेहाल हो गए। सुबह की बारिश के बाद जगह-जगह जलजमाव हो गया।
जनपद में कई दिनों से मानसून ने अपना डेरा जमा रखा है। मंगलवार की सुबह से ही आसमान में काले बादलों ने डेरा जमा रखा था। रुक रुक पर बारिश होती रही। बारिश ने किसानों को राहत देने के साथ अब नुकसान पहुंचाना भी शुरू कर दिया है। कई जगहों पर धान की नर्सरी पूरी तरह से पानी में डूब गई। नर्सरी खराब न हो जाए इस डर से किसान उसका पानी खेतों से निकालने में मशगूल रहे। वहीं जिन किसानों की नर्सरी तैयार हो गई है वह धान की रोपाई करने के लिए खेत तैयार करने में जुट गए हैं। वहीं इस बारिश ने लोगों को राहत तो दी लेकिन दोपहर बाद निकली तीखी धूप ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया। गर्मी और उमस से लोग परेशान दिखे। शहर क्षेत्र में इस बारिश के बाद नगर के एसकेपी इंटर कालेज के साथ ही पुलिस आफिस, रैदोपुर आदि जगहों पर जल-जमाव हो गया। पानी के बीच से होकर लोग गुजरने को विवश हुए। वहीं शहर क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत ने लोगों की मुसीबत को और बढ़ा दिया है। सड़क में पहले के बने गड्ढ़े गाड़ियों के आवागमन से बड़े होते जा रहे हें। अगर इन्हें नहीं भरा गया तो लोगों को आवागमन में और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।