थाना क्षेत्र के सहरिया गांव में सोमवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर युवक की फावड़े से हमलाकर हत्या कर दी गई। बीच बचाव को पहुंची पत्नी भी घटना में घायल हो गई। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। उधर, पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटना की जानकारी के लिए पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया।
सहरिया गांव निवासी अबूजैद 48 के घर के सामने आबादी की जमीन है। जिसे उसके साथ ही उसके पड़ोसी लालता भी अपना बताते है। पूर्व में भी उक्त जमीन को लेकर लालता व अबूजैद के पिता स्व. इस्लाम के बीच भी मारपीट हो चुकी है। सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे अबूजैद इसी जमीन पर उग आए झाड़-झंखाड़ की सफाई कर रहा था। इसी दौरान लालता वहां पहुंचा और अबूजैद से अपनी जमीन बताते हुए सफाई का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में बात बढ़ गई और लालता के पक्ष के लोगों ने फावड़ा व लाठी डंडा लेकर अबूजैद के सिर व सीने पर कई प्रहार कर दिए। अबू जैद लहुलूहान होकर गिर पड़ा। बीच बचाव को पहुंची उसकी पत्नी सालेहा परवीन पर भी हमले में घायल हो गई।
अबूजैद को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे हाॅयर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिस पर परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहीं कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनातकर दी गई है। अबूजैद दो पुत्र व पांच पुत्रियों का पिता था।
अबूजैद की पत्नी सालेहा परवीन की तहरीर पर पुलिस ने सात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। जिनमें लालता के साथ ही परिवार के बहादुर, मुन्ना, नन्हू, खुन्नू, पप्पू, रोहित शामिल है। जिसमें लालता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
कोट
भूमि विवाद में फावड़े से सिर पर प्रहार कर युवक की हत्या की गई है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी हिरासत में है। अन्य की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। -शैलेंद्र लाल, एएसपी सिटी, आजमगढ़