यूपी एसटीएफ ने रविवार को मऊ जिले के चिरैयाकोट से 50 हजार के इनामी व पेशी से फरार हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एसटीएफ ने एक कार व मोबाइल बरामद किया है। एसटीएफ टीम ने उसे आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ओहनी गांव निवासी अश्वनी सिंह उर्फ राहुल उर्फ पिंटू के खिलाफ शहर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज है। उक्त मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। पेशी के दौरान वह न्यायालय परिसर से फरार हो गया था। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस बीच एसटीएफ की टीम फरार अभियुक्तों की तलाश में मऊ जिले में मौजूद थी। सूत्रों से एसटीएफ को सूचना मिली कि अश्वनी सिंह मऊ जिले के चिरैयाकोट में किसी काम से आया हुआ है। इस सूचना पर एसटीएफ निरीक्षक दीपक सिंह, एसआई सत्य प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी शमशेर, भूपेंद्र ने अश्वनी को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ टीम तत्काल उसे लेकर आजमगढ़ शहर कोतवाली लेकर आई और शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। इसके पास से पुलिस ने एक कार और एक मोबाइल बरामद किया है। अश्वनी 2016 में पेशी के दौरान कोर्ट से फरार हो गया था।