मौलाना आजाद इंटर कालेज में संबोधित करतीं मंडलायुक्त नीलम अहलावत।
अंजान शहीद स्थित मौलाना आजाद इंटर कालेज में शनिवार को विद्यालय के संस्थापक मिर्जा अहसानुल्लाह वेग की 99वीं जयंती पर संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कालेज के सात अध्यापकों सहित छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
संस्थापक दिवस समारोह की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त नीलम अहलावत ने कहा कि 58 साल किसी भी संस्था के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। अशिक्षा देश और समाज के विकास में बड़ी बाधा है।
प्रत्येक माता-पिता से मेरी गुजारिश है कि वह अपने बच्चों को शिक्षित बनाएं। उन्होंने लोगों से चार मार्च को बूथों पर पहुंच मतदान की अपील की। अंत में जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी नई दिल्ली के टीचर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष मनीषा सेठी को 13वें फ्रेंडशिप अवार्ड 2017 से नवाजा गया।
इसी क्रम में स्व. कैलाशनाथ रुंगटा की स्मृति में सातवां शिक्षक एक्सिलेंट अवार्ड 2017 संस्था के आठ वर्तमान अध्यापकों और अवकाश प्राप्त शिक्षकों को दिया गया। वहीं नर्सरी से लेकर पीजी के 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता अबरार अहमद और संचालन सीमा भारती श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक मिर्जा आरिफ बेग, डा. मोहम्द शाहेदीन, देवेंद्र रावत, मिर्जा अराफात बेग, मिर्जा अबरार बेग, श्यामनरायन यादव, शुभान खान, मो. मूसा, अशोक गुप्ता, प्रवीण सिंह, अजय सिंह, शेख अब्दुल्ला, अबरार आजमी आदि मौजूद रहे।