सरायमीर। स्थानीय कस्बा स्थित पुलिस चौकी के पीछे देशी शराब की दुकान पर रविवार की रात छापा मारकर आबकारी व पुलिस विभाग की टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने के साथ ही बिक्री के लगभग दो लाख रुपये, नकली क्यूआर कोड, ढक्कन आदि बरामद किए। इसके साथ ही पुलिस दो लोगों को मौके से गिरफ्तार करने में भी सफलता पाई है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का माहौल चल रहा है। ऐसे में शराब की खपत बढ़ गई है। जिसकी पूर्ति अवैध शराब की सप्लाई के द्वारा पूरी हो रही है। ऐसी ही एक कार्रवाई के तहत आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार की रात सरायमीर कस्बा स्थित पुलिस बूथ के पीछे देशी शराब की दुकान पर छापा मारा। दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुआ। सरकारी दुकान से ही नकली शराब की बिक्री की जा रही थी। यहीं पर शीशी में नकली शराब भरने के साथ ही उसे पैक करने की कवायद भी की जा रही थी और उसे दुकान से असली के नाम पर ग्राहकों को बेच दिया था। काफी दिनों से यह कवायद दुकान मालिक की देखरेख में की जा रही थी। अवैध शराब शीशियों में भर कर बेचने के साथ ही सरकारी शराब की शीशियों में भी यहां तैनात सेल्समैनों द्वारा ढक्कन खोल पानी मिला कर बेचा जाता है। देशी शराब की इस दुकान का लाइसेंस अंबेडकरनगर जिले के वरियांवन गांव निवासी श्रीराम के नाम से है। पुलिस ने मौके से 124 शीशी अवैध शराब, 110 पीस नकली ढक्कन, 640 पीस क्यूआर कोड स्टीकर, 6 लीटर पानी की टंकी में भरी अवैध शराब व बिक्री के 196180 रुपये नकद भी बरामद किया। इसके साथ ही दुकान पर मौजूद दो सेल्समैन संजय सिंह निवासी रसूलपुर पासीपुर थाना कप्तानगंज व संजय कुमार निवासी बसंतपुर थाना हथगांव जिला फतेहपुर को गिरफ्तार करने में भी सफलता पाई।