अहरौला। ब्लाक क्षेत्र के सजनी गांव के साधन सहकारी समिति पारा मिश्रौली में मानकों की अनेदखी कर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। इसके कारण शौचालय का फर्श उपयोग से पहले ही धंस गया और दीवार में दरारें पड़ गईं। बीडीओ ने मामले में प्रधान-सचिव से रिकवरी के लिए एडीओ पंचायत को पत्र जारी किया है।
इस खबर को अमर उजाला ने बीते सात दिसंबर के अंक में उपयोग से पहले ही शौचालय हुआ जर्जर शीर्षक से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद बीडीओ अहरौला विनोद कुमार बिंद ने मामले को गंभीरता से लिया था। बीडीओ ने बताया कि उसके बाद आईजीआरएस से भी मामले को कोड करते हुए जांच के लिए ब्लॉक पर भेजा गया था। 14 दिसंबर को बीडीओ विनोद कुमार बिंद और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सजनी ग्राम सभा में पहुंचकर सार्वजनिक शौचालय का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान शौचालय जर्जर पाया गया। नियमों को ताक पर रखकर गुणवत्तविहीन निर्माण कार्य कराया गया है। जिसका परिणाम रहा कि उपयोग से पहले ही शौचालय का फर्श धंस गया और दीवार में दरार पड़ गई। शौचालय के निर्माण में बड़े पैमाने पर सरकारी धन का दुरुपयोग तत्कालीन ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा किया गया है। अब इनसे रिकवरी की जाएगी।
अधिकारी बोले- जांच में शौचालय जर्जर पाया गया, निर्माण में बड़े पैमाने पर मानकों की अनदेखी मिली है। शौचालय पर व्यय हुए धन की तत्कालीन सचिव व ग्राम प्रधान से रिकवरी के लिए एडीओ पंचायत को पत्र जारी किया गया है। - विनोद कुमार बिंद, बीडीओ अहरौला।