थाना दिवस पर आईजी अखिलेश कुमार व जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज भी थानों पर पहुंचे और जनता से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान अतिकमण मुक्त हुई जमीन पर पुनः अतिक्रमण होने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। वहीं आईजी ने गंभीरपुर थाने पर आए तीन तलाक के मामले में जांच कर कार्रवाई का एएसपी सिटी को निर्देश दिया।
बिंद्रा बाजार संवाददाता के अनुसार आईजी व जिलाधिकारी ने थाने में जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान 15 प्रार्थना पत्र आए। जिसमें एक तीन तलाक का भी प्रकरण शामिल था। जिसे डीआईजी ने एएसपी सिटी को सौंपते हुए जल्द निस्तारण का निर्देश दिया। जिलाधिकारी थाने पर मौजूद लेखपालों से रूबरू हुए और कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पुनः अतिक्रमण होता है तो अतिक्रमणकारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।
रानी की सराय संवाददाता के अनुसार थाने पर जिलाधिकारी ने जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान 32 मामले प्रस्तुत किए गए, जिसमें दो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी के साथ एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल भी मौजूद रहे।
मेंहनगर संवाददाता के अनुसार तरवां थाने पर एसडीएम मेंहनगर संतरजन श्रीवास्तव ने जनता की समस्याओं को सुना। कुल 21 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिसमें छह का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। अहरौला संवाददाता के अनुसार थाने पर भूमि से जुड़े मामले सर्वाधिक आए। तहसीलदार बूढ़नपुर अभिषेक सिंह ने जनता की समस्याओं को सुना। सगड़ी संवाददाता के अनुसार जीयनपुर कोतवाली पर एसडीएम राजकुमार ने जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान 10 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किएगए। जिसमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया।