अठवरिया मैदान में आयोजित श्याम महोत्सव में श्याम भजनों पर झूमते श्रद्धालु। संवाद
आजमगढ़। अठवरिया मैदान में रविवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से ओत-प्रोत श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जयपुर से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी तथा उड़ीसा से पधारीं शुभांगी सोनी ने “सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है” सहित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर धुनों और भावपूर्ण गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं राजस्थान से पधारी रजनी राजस्थानी ने ‘हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है’ और ‘दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से’ जैसे भजनों को सुनाकर लोगों को झूमने के लिए विवश कर दिया। आयोजन श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से किया गया। इसमें नारायणी भजन संध्या एवं श्री श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ का विशेष सहयोग रहा।श्रद्धालुओं ने विधिवत बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर अपने एवं अपने परिवार के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मुंबई से आए गायक कलाकार कपिल मौर्य ने भी अपनी मधुर आवाज और पूर्वी शैली की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। वहीं गायक कलाकार विकास चौरसिया ने “भोले बाबा की नगरिया में” और “किसने सजाया बाबा का भवन” जैसे भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, अखिलेश कुमार मिश्रा , राजेश सिंह, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, शोभित , नीरज, परितोष, ओमप्रकाश आदि थे।