आजमगढ़। अहरौला थाने की पुलिस ने दहेज हत्या प्रकरण में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में अंबेडकर नगर जनपद के कटका थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मानिकपुर गांव निवासी पीड़ित राजवती पत्नी गंगाराम छह सितंबर 2025 को तहरीर दी थी।
पीड़िता का आरोप था कि उनकी पुत्री प्रीती (27) की शादी जून 2020 में अहरौला थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी शोले से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे और मारपीट करते थे। दहेज न मिलने पर प्रीती की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। इस संबंध में थाना अहरौला पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। मंगलवार को थाना प्रभारी प्रदीप कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर बरामदपुर पुलिया के पास से वांछित आरोपी शोले और उसकी मां प्रभावती को समय करीब 1 बजे गिरफ्तार कर लिया।