आजमगढ़। जिले में बुधवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से तेज धूप निकलने के बावजूद हवा बंद रहने से वातावरण में चिपचिपाहट बनी रही। दिनभर लोग पसीने और गर्मी से परेशान दिखे। दोपहर में बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आई। वहीं शाम करीब पांच बजे हल्के बादलों के बीच चली तेज आंधी ने लोगों को कुछ देर के लिए राहत पहुंचाई।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 48 घंटों में जिले के न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। रात में भी गर्मी और उमस का असर बना रहने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में पुरवा हवा पूरी तरह से बंद रही, जिससे उमस और अधिक बढ़ गई। कई स्थानों पर लोग बिजली कटौती से भी परेशान रहे। शाम के समय अचानक मौसम का मिजाज बदला और हल्की धूल भरी आंधी चली।
इससे वातावरण में थोड़ी ठंडक महसूस हुई। हालांकि, बारिश नहीं होने से राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।