अंबारी। फूलपुर तहसील के पल्थी बाजार में हुब्बीगंज-शाहगंज मार्ग पर गंदा पानी लगने के कारण बाजारवासी परेशान हैं। सड़क की पुलिया दो साल से टूटी हुई है, लेकिन जिसके कारण आवागमन दूभर हो गया है। पिछले वर्ष बाजारवासियों ने धान रोपकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसके बावजूद जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई।
पल्थी बाजार के शाहगंज रोड पर जल निकासी के लिए बनवायी गई पुलिया दो साल पहले टूट गई, अब तक उसकी मरम्मत नहीं हुई। इसके चलते सड़क पर पानी भर जाता है। इस समय सड़क पर गंदा पानी बजबजा रहा है। बारिश के बाद बाजार की और दुर्दशा हो गई है। इस संबंध में कई बार लोगों ने ग्राम प्रधान से लेकर अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन न तो टूटी पुलिया की मरम्मत हुई और ना ही जल निकासी की व्यवस्था। पल्थी बाजार के डा. जय प्रकाश, अजयकुमार सोनकर, अर्जुन सोनकर, मुन्ना, राम प्रताप मौर्य, रत्तीलाल गुप्ता, अशोक गुप्ता, राम अनुज, राम अवतार साहू, पिंटू गुप्ता, डा. नरेंद्र यादव, केशव प्रसाद आदि ने जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।