पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम बिजली खरीद कर उपभोक्ताओं को देता है। जिले में विद्युत आपूर्ति में सुधार तो हुआ है लेकिन बिजली बिल का बकाया भी बढ़ता गया है। मंडल के तीनों जिलों के उपभोक्ताओं पर 586 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। इसमें से 45 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम सरकारी विभागों के पास है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक तकनीकी अजीत सिंह ने रविवार को मुख्य अभियंता कार्यालय में मीडिया को बताया कि आजमगढ़ जिले के तीनों खंडों के उपभोक्ताओं पर 243 करोड़, मऊ में 221 करोड़ और बलिया में 120 रुपये का बिल बकाया है। आजमगढ़ मंडल में 676 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यदि बिलों की नियमित वसूली नहीं होती तो बिजली खरीदने में दिक्कत होती है। आजमगढ़ मंडल में इस महीने कुल 262 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें से अधिकांश को 72 घंटे के अंदर बदल दिया गया। जहां अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जा रहा है, उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया जनपद में 142 क्षेत्रों की लाइनों को भूूमिगत किया जा रहा है, जिसमें 96 का काम पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि 25 को जल्द ही विभाग को हैंडओवर हो जाएगा। नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी ने 34 क्षेत्र की केबल को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
आजमगढ़ जोन के लिए मुख्य अभियंता कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका नंबर 9453047798 है। कंट्रोल रूम सुबह छह से रात 10 बजे तक दो शिफ्ट में संचालित होगा। इस नंबर पर मंडल के तीनों जनपदों के उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।